नगर निगम के रवैये से नाराज व्यापारियों ने व्यापार बंधु की बैठक का किया बहिष्कार, जिलाधिकारी ने कार्यालय में बुलाकर सुनी समस्याएं
बरेली। जिलाधिकारी कार्यालय में गुरुवार शाम 6 बजे आयोजित व्यापार बंधु की बैठक में उस समय हंगामे जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जब नगर निगम के अधिकारियों के रवैये से नाराज व्यापारियों ने बैठक का सामूहिक रूप से विरोध करते हुए बैठक कक्ष से बाहर निकलकर अपना आक्रोश जताया। व्यापारियों का कहना था कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान ही नहीं होना है और संबंधित अधिकारी गंभीरता से सुनवाई नहीं करते हैं तो ऐसी बैठक का क्या औचित्य है।
व्यापारियों के बैठक से बाहर आने के बाद जिलाधिकारी ने स्वयं पहल करते हुए सभी व्यापारियों को अपने कार्यालय में बुलाया और उनकी समस्याओं को गंभीरता एवं विस्तार से सुना। जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर आयुक्त संजीव मौर्य को भी मौके पर बुलाया गया तथा व्यापारियों द्वारा एजेंडे में शामिल की गई समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि व्यापारियों की सबसे अधिक शिकायतें नगर निगम से संबंधित होती हैं, इसलिए नगर निगम को व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित रूप से संवाद करना चाहिए। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को मौखिक निर्देश दिए कि प्रत्येक माह नगर निगम स्तर पर व्यापारियों के साथ एक बैठक आयोजित कर उनकी समस्याओं को सुना जाए और उनके निस्तारण की प्रभावी कार्रवाई की जाए।
सीबीगंज के कंपाउंडिंग नोटिस का मामला भी उठा
भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने सीबीगंज में मेन रोड से संबंधित व्यापारियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग तीन वर्ष पूर्व व्यापारियों को कंपाउंडिंग के संबंध में नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन आज तक इस मामले का कोई स्पष्ट समाधान नहीं निकला है। व्यापारियों को यह भी जानकारी नहीं दी जा रही है कि कंपाउंडिंग के लिए कितनी धनराशि जमा करनी होगी।
इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या जी से फोन पर वार्ता कर मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यापारियों से मुलाकात कर समाधान निकालने के निर्देश दिए। इस संबंध में सोमवार को व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल बरेली विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से मुलाकात करेगा।
स्लॉटर हाउस, अतिक्रमण और सीएम ग्रिड-2 का मुद्दा भी उठा
व्यापारी नेता विशाल मेहरोत्रा ने नगर निगम से संबंधित समस्याओं, विशेषकर कुतुब खाना सब्जी मंडी में स्लॉटर हाउस एवं अतिक्रमण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। नगर आयुक्त ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहीं सीएम ग्रिड फेज-2 को लेकर व्यापारियों में बनी चिंताओं पर भी चर्चा हुई। इस विषय में नगर आयुक्त की ओर से स्पष्ट कहा गया कि अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, हालांकि व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की कि कार्रवाई के दौरान वास्तविक स्थिति, व्यापारियों की समस्याओं और वैध निर्माणों का भी निष्पक्ष रूप से ध्यान रखा जाए।
व्यापारियों ने कहा कि आज की बैठक में जिस प्रकार जिलाधिकारी ने बैठक कक्ष से बाहर आए व्यापारियों को स्वयं अपने कार्यालय में बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं, वह प्रशासन और व्यापारियों के बीच संवाद की सकारात्मक पहल है। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभाग व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करेंगे।
बैठक में भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, विशाल मेहरोत्रा, पवन अरोड़ा,बंटी ठाकुर, रामकृष्ण शुक्ला, सतीश अग्रवाल, राजगोपाल खट्टर, अनुज गुप्ता, सुलभ अग्रवाल, दीपक द्विवेदी, राजकुमार मेहरोत्रा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
















































































