बरेली। प्रयागराज में 23 से 25 अगस्त तक आयोजित जूनियर एथलेटिक प्रतियोगिता में बरेली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 2000 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता चार आयु वर्गों में आयोजित की गई थी। बरेली की ओर से पहली बार प्रतियोगिता में उतरी मानताशा खान ने लॉन्ग जंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। वहीं मनप्रीत कौर ने 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता, जबकि रोहित भदोरिया ने 800 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। नीतू कुमारी ने 1000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर बरेली को गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ी अब आगामी नॉर्थ ज़ोन जूनियर एथलेटिक प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती चंचल मिश्रा, जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव गजेंद्र तोमर, उपाध्यक्ष सत्यवीर यादव, पंकज कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।