बदायूं। नेपाल में बाढ़ की स्थिति के बाद बदायूं प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट हो गया है। जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों ने भ्रमण और स्थलीय निरीक्षण शुरू कर दिया है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने दातागंज तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित भुंडी गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही प्रभावित इलाकों में संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने प्रभावित लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि परिस्थितियों में किसी भी तरह का बदलाव होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसामान्य की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित विभागों को सक्रिय रखा गया है और प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।