बरेली। थाना आँवला तहसील क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के भीतर पानी में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। दोनों मामलों में देर शाम तक किसी का भी पता नहीं चल सका है। पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ, पीएसी, अग्निशमन विभाग और नगर पालिका की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं। पहली घटना मंगलवार को आंवला के मोहल्ला खेड़ा में हुई, जहां नंदराम प्रजापति का 8 वर्षीय दिव्यांग बेटा प्रीत बारिश के दौरान नहाते समय तेज बहाव वाले नाले में गिरकर बह गया। बुधवार शाम करीब 4 बजे तक 24 घंटे बीत जाने के बावजूद मासूम का कोई सुराग नहीं लग सका। नगर पालिका चेयरमैन आबिद अली, ईओ प्रदीप गिरी और आंवला कोतवाल बीनू सिंह ने संयुक्त रूप से सभी रेस्क्यू टीमों को नाले और आसपास की झाड़ियों में बारीकी से तलाश करने के निर्देश दिए, लेकिन सफलता नहीं मिली। दूसरी घटना बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हुई। तहसील आंवला के गांव महोबा निवासी ओमकार का 22 वर्षीय बेटा गोपाल रोहतापुर रामगंगा घाट पर स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही एडीएम संतोष कुमार, एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी हेमंत उपाध्याय, नायब तहसीलदार दीप्ति पाल और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब सात घंटे तक चले अभियान के बाद भी गोपाल का कोई पता नहीं चल सका। दोनों घटनाओं के बाद प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है। फिलहाल दोनों लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है।