बरेली। सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान जनसुरक्षा तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर व्यापारी सुरक्षा फोरम ने बुधवार को बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता ललित कुमार को ज्ञापन सौंपा। महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में नगर की जर्जर विद्युत व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग उठाई गई। रामकृष्ण शुक्ला ने कहा कि सावन और कांवड़ यात्रा के दौरान शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में लाखों श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। प्रमुख बाजारों, मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर भारी भीड़ होने के साथ वर्षा ऋतु में विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक स्तर पर विद्युत सुरक्षा अभियान चलाया जाना आवश्यक है। ज्ञापन में मांग की गई कि प्रमुख बाजारों, कांवड़ मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर लटके, खुले एवं जर्जर बिजली के तारों को तत्काल बदला या सुरक्षित किया जाए। क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों और ढीले तारों की मरम्मत कराई जाए तथा ट्रांसफॉर्मरों, डीपी और खुले विद्युत जॉइंटों पर सुरक्षा जाली, इंसुलेशन और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही वर्षा ऋतु को देखते हुए विद्युत लाइनों, ट्रांसफॉर्मरों और अर्थिंग की विशेष जांच कराई जाए। फोरम ने कांवड़ यात्रा के दौरान अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाने, 24×7 कंट्रोल रूम एवं आपातकालीन टीम तैनात करने, बिजली लाइनों से सटे पेड़ों की छंटाई कराने तथा ओवरलोड वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त क्षमता के ट्रांसफॉर्मर स्थापित करने की भी मांग की। ज्ञापन के दौरान रोहित जिंदल , दीपक द्विवेदी, रामकृष्ण शुक्ला आदि मौजूद रहे।