बरेली। जिले के शाही थाना क्षेत्र मिर्जा पुर चौराह से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बिजली विभाग की लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। शाही के परतापुर गांव के रहने वाले 34 वर्षीय नंदराम पुत्र राम प्रसाद, जो मिर्जापुर में अपनी इंजन मैकेनिक की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे, बीती रात करंट की चपेट में आ गए। रोजाना की तरह दुकान का काम निपटाकर रात करीब 8 बजे वे चौराहे के पास पेशाब करने गए थे। इसी दौरान वहां लगे लोहे के बिजली के खंभे में अचानक उतरे तेज करंट की चपेट में वे आ गए और मौके पर ही तड़पकर गिर पड़े। हादसा होते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों और परिजनों ने आनन-फानन में बिजली आपूर्ति बंद कराई और गंभीर अवस्था में नंदराम को तुरंत नजदीकी डॉक्टर के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। नंदराम की मौत की खबर मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी रजनी देवी और तीन छोटे बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। इस दुखद घटना के बाद से ही परतापुर गांव और मिर्जापुर बाजार क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों में जर्जर तारों और खंभों में उतरते करंट को लेकर विद्युत विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय शाही थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।