उझानी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार सुबह से ही कछला गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ब्रह्ममुहूर्त से शुरू हुआ गंगा स्नान और पूजा-अर्चना का सिलसिला देर तक जारी रहा। बदायूं , बरेली और आसपास के गांवों के साथ-साथ पड़ोसी जिलों से भी हजारों श्रद्धालु यहां आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे।सुबह के समय हल्की बारिश होती रही, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था नहीं डगी। ‘हर-हर गंगे’ और ‘जय मां गंगा’ के जयकारों से पूरा घाट गूंजता रहा। कांवड़िए, महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और युवा सभी ने गंगा में स्नान कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने घाट पर पूजा-पाठ, दान-पुण्य और गुरु वंदन भी किया।भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कछला घाट पर PAC के गोताखोर, SDRF की टीम और जल पुलिस को तैनात किया गया है। घाट पर वॉच टावर बनाए गए हैं और बैरिकेडिंग कर स्नानार्थियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 6 पुलिस सहायता केंद्र, 3 अस्थायी पुलिस चौकी और 3 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। नगर पंचायत द्वारा स्नान स्थल के आसपास 30 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र पर निगरानी रखी जा सके।अधिकारियों के मुताबिक सुबह से ही श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और दोपहर तक और अधिक भीड़ पहुंचने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित घाटों पर ही स्नान करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।स्थानीय प्रशासन का कहना है कि भीड़ बढ़ने के बावजूद घाट पर व्यवस्था सुचारु बनी हुई है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।