बरेली। थाना बहेड़ी पुलिस ने शिक्षक एवं पुलिसकर्मियों पर हमला करने तथा पुलिस चौकी परिसर में तोड़फोड़ करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं लोक सम्पत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई की शाम करीब छह बजे पुनुनागर निवासी कुलदीप सिंह शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचे थे। शिकायत में नामजद लोगों को चौकी बुलाया गया। आरोप है कि इस दौरान रोहित, संजय, अमित सहित अन्य लोगों ने शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडों से मारपीट की। विरोध करने पर आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए चौकी परिसर में तोड़फोड़ की तथा बीच-बचाव कर रहे उपनिरीक्षक अंकित सिंह बघेल, हेड कांस्टेबल कपिल कुमार और हेड कांस्टेबल ओवेन्द्र के साथ भी मारपीट की, जिससे पुलिसकर्मी और शिकायतकर्ता घायल हो गए। घटना के संबंध में कुलदीप सिंह की तहरीर पर थाना बहेड़ी में मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं उपनिरीक्षक अंकित सिंह बघेल की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर हमला और लोक सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मुकदमा संख्या 580/2026 भी पंजीकृत किया गया।प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संजय सिंह (22 वर्ष), पुत्र धारा सिंह, निवासी ग्राम उनई मकरूका, थाना बहेड़ी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने कृत्य पर खेद व्यक्त करते हुए भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की बात कही। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।