बरेली। कांवड़ यात्रा एवं उर्स के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब को मजबूत करने के उद्देश्य से अमन कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सावन के तीसरे और चौथे सोमवार को किला क्रॉसिंग स्थित सहगल होटल के पास सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक मुस्लिम समाज के लोग शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा करेंगे तथा जल और फल का वितरण करेंगे। इसके साथ ही चारों सोमवार को सेवा शिविर लगाकर शिवभक्तों का सम्मान किया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि बनखंडी नाथ मंदिर और अलखनाथ मंदिर पर भी मुस्लिम समाज की ओर से कांवड़ियों का पुष्प वर्षा, जल वितरण और फल वितरण कर स्वागत किया जाएगा। वहीं उर्स के दौरान बिहारीपुर ढाल पर हिंदू और सिख समाज के लोग जायरीनों का पुष्प वर्षा कर स्वागत करेंगे।अमन कमेटी के अध्यक्ष डॉ. कदीर अहमद ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक में मनोज भारती, दिनेश बाजपेई, राम निवास शर्मा, सरदार अमरजीत सिंह, अमरीश गुप्ता, सुनील गुप्ता, शाहरुख खान, अफसर खान, सादिया गौस, नाज़िया वसीम, पाकीज़ा खान, नदीम खान, मोहम्मद अनस और जमील अहमद सहित अमन कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने कांवड़ यात्रा और उर्स को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया।