बरेली। थाना मीरगंज पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ के बाद टप्पेबाजी की वारदातों में शामिल तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए सीएचसी मीरगंज भेजा गया। बाद में पुलिस ने मामले में शामिल एक महिला आरोपी को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से टप्पेबाजी में लूटे गए सोने के कुंडल बरामद किए।पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान कुल्छा पेट्रोल पंप से नगरिया सादात मार्ग पर मजार के आगे संदिग्ध बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मेरठ निवासी अमन उर्फ शहजाद उर्फ शहजादे घायल हो गया। मौके से रामपुर निवासी पप्पू सिंह उर्फ फौजी और आसिफ को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू, दो मोटरसाइकिल तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने 15 जुलाई को मीरगंज बाजार में एक महिला से टप्पेबाजी कर सोने के कुंडल चोरी करने की घटना स्वीकार की। उन्होंने इस वारदात में आसिफ की पत्नी फईमा की संलिप्तता भी बताई। इसके बाद पुलिस ने फईमा को रामपुर-बरेली रोड स्थित लाभारी चौकी के आगे से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक जोड़ी सोने के कुंडल बरामद किए। पुलिस ने संबंधित मुकदमों में आवश्यक धाराएं बढ़ाते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।