बदायूं। मदर एथीना स्कूल में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए प्राइमरी विंग का भव्य अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल बचत और ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न जिम्मेदार पदों की शपथ दिलाकर अलंकृत किया गया।विद्यालय प्रशासन ने प्रकृति की सुरक्षा एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के लिए विद्यार्थियों को ‘ग्रीन गार्जियन’, स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए ‘वेस्ट वॉरियर’, जल संरक्षण और पानी के दुरुपयोग को रोकने के लिए ‘वाटर वॉचर’ तथा विद्युत बचत के लिए ‘इलेक्ट्रिसिटी सेवर’ की जिम्मेदारी सौंपी।पदभार ग्रहण करते समय सभी विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। नन्हे विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्व निभाने का संकल्प लिया और विद्यालय परिसर के साथ-साथ समाज में भी सकारात्मक संदेश देने की बात कही।इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका चयनिका सारस्वत ने कहा कि बचपन से ही बच्चों को जिम्मेदारियां सौंपने से उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और कर्तव्यनिष्ठा का विकास होता है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ ऐसी रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करती है। विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि बच्चों में सामाजिक, नैतिक और पर्यावरणीय मूल्यों का भी विकास करना है। समारोह का समापन विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल एवं विद्युत बचत के संकल्प के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।