बरेली। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर बरेली मंडल में 22 से 24 जुलाई तक अवैध एवं अनधिकृत बस संचालन के खिलाफ चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान में परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रणव झा के नेतृत्व में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में 51 बसों के चालान किए गए, जबकि 42 बसों को सीज किया गया। इन वाहनों पर लगभग 10.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।अभियान के दौरान बरेली में 15 चालान कर 15 बसें सीज की गईं, बदायूं में 6 चालान और 3 बसें, पीलीभीत में 9 चालान और 9 बसें तथा शाहजहांपुर में 21 चालान कर 15 बसों को सीज किया गया। जांच में पाया गया कि अधिकांश बसों के पास संबंधित मार्ग का स्थायी स्टेज कैरिज परमिट नहीं था। कई बसें ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट या ऑल यूपी कॉन्ट्रैक्ट कैरिज परमिट पर अन्य राज्यों के लिए यात्रियों का परिवहन कर रही थीं।संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रणव झा ने बताया कि जिन बसों में परमिट की शर्तों का उल्लंघन, दस्तावेजों की कमी या मोटरयान अधिनियम के नियमों का उल्लंघन मिला, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। सीज बसों का अब तकनीकी परीक्षण कराया जाएगा, जिसमें फिटनेस, टैक्स, बीमा, पंजीकरण, परमिट और अनधिकृत बॉडी मॉडिफिकेशन की जांच होगी। गंभीर अनियमितता मिलने पर फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और पंजीकरण पर भी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि कार्रवाई से पहले सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से नजदीकी रोडवेज बस अड्डे या डिपो तक पहुंचाया गया। विभाग का उद्देश्य सड़क सुरक्षा, यात्री सुरक्षा और मोटरयान अधिनियम का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है। ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।