बरेली। बरेली कॉलेज के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग में नए शैक्षणिक सत्र के छात्र-छात्राओं के लिए गुरुवार को ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभाग की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक गतिविधियों और अनुशासन से परिचित कराना था।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरेली कॉलेज के प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश राय तथा विशिष्ट अतिथि उप-प्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष एवं पुस्तकालयाध्यक्ष प्रो. शकुंतला सिंह ने की। मुख्य अतिथि प्रो. ओम प्रकाश राय ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने और अध्ययन के प्रति गंभीर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित उपस्थिति और अनुशासित अध्ययन ही सफलता की कुंजी है। कार्यक्रम में विभाग के डॉ. योगेश शर्मा, डॉ. हलीमा खातून एवं डॉ. गणेश बाबू शर्मा सहित अन्य शिक्षकों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विभाग की छात्राओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम में पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग का समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।