बरेली। बिशारतगंज थाना क्षेत्र के गांव अखा में शुक्रवार सुबह एक आवारा कुत्ते ने 10 वर्षीय बच्चे अरुण पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों ने तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। परिजनों के अनुसार, गांव अखा निवासी मोर सिंह का पुत्र अरुण 10 वर्षीय सुबह करीब छह बजे घर के बाहर टहलने निकला था। इसी दौरान घर के पास घूम रहे एक आवारा कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने पहले अरुण के पेट पर काटा और फिर उसकी गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को भगाकर अरुण को बचाया। इसके बाद परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करने और उन्हें पकड़वाने की मांग की है।