बदायूँ में टैंट, कैटरिंग और डेकोरेशन व्यवसायियों का जिला सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह हुआ
बदायूँ। उत्तर प्रदेश टैंट कैटर्स एण्ड डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में डिस्ट्रिक्ट टैंट वेलफेयर एसोसिएशन, बदायूं का जिला सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को शहर स्थित वैभव लॉन में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश एवं जनपद के टैंट, कैटरिंग और डेकोरेशन व्यवसाय से जुड़े करीब 500 व्यवसायियों की मौजूदगी ने संगठन की मजबूती और एकजुटता का संदेश दिया।अध्यक्षता हरसहाय मल श्यामलाल ज्वेलर्स के वरिष्ठ व्यवसायी श्री सूर्य प्रकाश वैश्य तथा जे.पी. ग्रोथ निधि लिमिटेड, बिल्सी के श्री जे.पी. लड्डा माहेश्वरी ने संयुक्त रूप से की।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता, उत्तर प्रदेश टैंट कैटर्स एण्ड डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार, प्रदेश महामंत्री नवीन अग्रवाल, प्रदेश वाइस चेयरमैन ओम मेहरा सहित संगठन के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सम्मेलन के दौरान संगठन के नवमनोनीत पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ लेने वालों में प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी सरफराज अहमद, प्रदेश वरिष्ठ सचिव जितेन्द्र साहू, प्रदेश मंत्री विश्वजीत शर्मा, प्रदेश संगठन मंत्री अख्तर अली तथा प्रदेश कोषाध्यक्ष विनोद सपड़ा प्रमुख रहे। शपथ ग्रहण के बाद सभी पदाधिकारियों ने संगठन के संविधान के अनुरूप कार्य करने तथा व्यवसायियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से दायित्व निभाने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि टैंट, कैटरिंग एवं डेकोरेशन व्यवसाय आज रोजगार का बड़ा माध्यम बन चुका है। ऐसे में व्यवसाय से जुड़े लोगों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा तथा सरकार तक उनकी आवाज़ प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए मजबूत संगठन की आवश्यकता है। उन्होंने सभी व्यवसायियों से संगठन के प्रति समर्पित होकर कार्य करने तथा आपसी भाईचारे और एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि प्रदेश संगठन व्यवसायियों की हर समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है और भविष्य में भी उनके हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। वहीं अन्य वक्ताओं ने संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने तथा युवा व्यवसायियों को संगठन से जोड़ने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित व्यवसायियों ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लिया। सम्मेलन में विभिन्न जनपदों से आए प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे और व्यवसाय से जुड़ी चुनौतियों एवं उनके समाधान पर चर्चा की।
समारोह का समापन संगठन की एकजुटता, व्यवसायियों के सम्मान, अधिकारों की सुरक्षा तथा टैंट, कैटरिंग एवं डेकोरेशन व्यवसाय के सर्वांगीण विकास के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। पूरे आयोजन में उत्साह और अनुशासन का माहौल देखने को मिला।















































































