बरेली । भमोरा थाना क्षेत्र के चाडपुर स्थित श्री ब्रह्मदेव महाराज मंदिर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मंदिर के स्थानांतरण के विरोध में अब तमाम अखाड़े और संत समाज खुलकर महंत रामदास के समर्थन में उतर आए हैं। भमोरा थाना क्षेत्र के चाडपुर में स्थित श्री ब्रह्मदेव महाराज जी के मंदिर के स्थानांतरण को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। मंदिर के महंत श्री रामदास जी को विभिन्न अखाड़ों और संत समाज का समर्थन मिल रहा है। संतों और अखाड़ों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि मंदिर का स्थानांतरण किया जाता है तो उसके लिए प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होगा। इस दौरान मंदिर के महंत श्री रामदास जी ने भावुक होते हुए कहा कि यदि मंदिर को जबरन स्थानांतरित किया गया तो वह आत्मदाह करने के लिए मजबूर होंगे। महंत के इस बयान के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और श्रद्धालुओं में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। अखाड़ों के संतों ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर से जुड़े मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जाए और श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान किया जाए। वहीं, इस पूरे मामले पर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या फैसला लेता है।