बदायूँ। भारत विकास परिषद, शाखा गौरीशंकर के तत्वावधान में शनिवार को शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में ‘गऊ माँ रोटी पात्र’ का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि राज्य सूचना आयुक्त श्री स्वतंत्र प्रकाश तथा गऊ माँ रोटी पात्र के भेंटकर्ता श्री चंद्र प्रकाश गुप्ता का पटका पहनाकर एवं श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर सम्मान किया। इसके बाद शाखा के पदाधिकारियों, विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य ने विधिवत पूजन-अर्चन कर गऊ माँ रोटी पात्र का लोकार्पण किया। मुख्य अतिथि श्री स्वतंत्र प्रकाश ने अपने संबोधन में गौसेवा को भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा बताते हुए कहा कि समाज को ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए। विद्यालय प्रबंधक श्री वीरेंद्र झा एवं गौपालक श्री सचिन भारद्वाज ने भी गौ संरक्षण एवं सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक श्री वीरेंद्र झा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।समारोह में श्री चंद्र प्रकाश गुप्ता, श्री मनीष सिंघल, श्री राजेंद्र गुप्ता, श्री मुकेश गुप्ता, श्री दिनेश शर्मा, श्री राजीव अग्निहोत्री, श्री के.बी. गुप्ता एवं श्री आकाश कमल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री कुशल शर्मा ने किया।