बरेली। भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह फौजी ने किसानों के साथ जनपद बरेली के 14 विकासखंडों में मूंगफली बीज वितरण में कथित घोटाले को लेकर मंडल आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने 24 अगस्त को दिए गए पूर्व ज्ञापन पर हुई कार्रवाई की जानकारी और जांच रिपोर्ट की प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराने की मांग की। रणवीर सिंह फौजी ने बताया कि संगठन ने 24 अगस्त को मूंगफली बीज वितरण में कथित अनियमितताओं की शिकायत मंडल आयुक्त कार्यालय में की थी। इसके बाद जब संगठन ने उप कृषि निदेशक ओ.पी. मिश्रा से फोन पर जांच की स्थिति पूछी, तो उन्होंने बताया कि उनके कार्यालय को मंडल आयुक्त कार्यालय से कोई ज्ञापन प्राप्त नहीं हुई है और जांच रिपोर्ट के लिए मंडल आयुक्त कार्यालय से संपर्क करने को कहा गया। किसान यूनियन का कहना है कि इस स्थिति से यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि शिकायत पर अब तक क्या कार्रवाई हुई और जांच किस स्तर पर चल रही है। संगठन ने मांग की है कि यह बताया जाए कि ज्ञापन उप कृषि निदेशक कार्यालय को भेजा गया था या नहीं, और यदि भेजा गया तो उस पर क्या कार्रवाई की गई। भाकियू (लोक शक्ति) ने मंडल आयुक्त से किसानों के हित में पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच कर जांच आख्या की प्रमाणित प्रति शीघ्र उपलब्ध कराने तथा शिकायत पर हुई कार्रवाई से संगठन को अवगत कराने की मांग की है। ज्ञापन के दौरान साहिल पटेल , रणवीर सिंह फौजी सहित कई किसान मौजूद थे।