बरेली। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बरेली के गुलाब राय इंटर कॉलेज के सहायक अध्यापक डॉ. संजय कुमार सिंह को राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए चयनित होने पर बधाई दी है। अपर मुख्य सचिव ने दो सितंबर को भेजे पत्र में कहा कि राज्य अध्यापक पुरस्कार से प्रदेश के उन उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया जा रहा है, जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता और परिश्रम से न केवल स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन को भी समृद्ध बनाया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थी के व्यक्तित्व, विचार और भविष्य की दिशा तय करने वाला मार्गदर्शक और प्रेरक होता है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 भी विद्यार्थियों के समग्र विकास, चरित्र निर्माण, रचनात्मकता, आलोचनात्मक चिंतन, संवेदनशीलता और कौशल विकास पर जोर देती है। पत्र में डॉ. सिंह की विद्यार्थियों के प्रति प्रेरक एवं मार्गदर्शक भूमिका की सराहना करते हुए कहा गया कि वाणिज्य विषय में नवाचारी एवं आनंदमय शिक्षण, सामुदायिक सहभागिता और जागरूकता के लिए किए गए उनके प्रयास सराहनीय हैं। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 प्राप्त कर उन्होंने प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। अपर मुख्य सचिव ने डॉ. संजय कुमार सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की है। चौहान टेंडर्स के एमडी एवं समाज सेवी सत्येंद्र सिंह चौहान व शिक्षक राहुल सिंह फरीदपुर ने संयुक्त रूप से बताया कि डॉक्टर संजय सिंह को शिक्षक दिवस पर गोरखपुर में मुख्यमंत्री द्वारा। सम्मानित किया जाएगा। वहां से छह सितम्बर को बरेली वापस आने पर फतेहगंज पश्चिमी, फरीदपुर, बरेली में श्री सिंह का लगभग तीस स्थानों पर अभिनन्दन होगा। फरीदपुर, बरेली, में सजावट शुरू हो गयी है।