प्रेमिका के चक्कर में पत्नी की हत्या का आरोप, गला दबाकर मारने के बाद फंदे पर लटकाने की मायके वालों ने दी तहरीर
बरेली । जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सिंधौली गोटिया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसमें मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत पूरे ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि पति के दिल्ली में किसी अन्य महिला से अवैध संबंध थे, जिसके चलते वह पत्नी को नापसंद करता था और आए दिन कम दहेज का ताना देकर प्रताड़ित करता था। मायके वालों के अनुसार, आज सुबह ससुरालियों ने मिलकर पहले ममता (28 वर्ष) की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को कमरे की चौखट से फंदे पर लटका दिया। घटना की सूचना पर पहुँची पुलिस ने आरोपी पति मुकेश को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
मृतका ममता के भाई गुड्डू और मौसी नन्ही द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, ममता की शादी को करीब 11 साल हो चुके थे और उसके चार बच्चे (तीन बेटियां और एक बेटा) हैं। शादी के बाद से ही सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन कुछ साल से पति मुकेश दिल्ली में काम करने लगा था। आरोप है कि दिल्ली में मुकेश के किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध स्थापित हो गए, जिसके बाद से उसने ममता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। वह अक्सर ममता से कहता था कि “तुम मुझे पसंद नहीं हो, मैं तुम्हें छोड़ दूंगा और दूसरी खूबसूरत बीवी लेकर आऊंगा।” इसी बात को लेकर घर में लगातार क्लेश रहता था। इसके साथ ही ससुराल पक्ष पर कम दहेज को लेकर भी प्रताड़ना देने और “तुम्हारे बाप ने ढंग से दहेज नहीं दिया” जैसे ताने मारने का आरोप है।
मायके पक्ष का सीधा आरोप है कि आज सुबह करीब 5:00 बजे पति मुकेश, उसके भाई धर्मेंद्र, भूपराम और सास-ससुर ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। मौसी नन्ही के मुताबिक, आरोपियों ने सोची-समझी रणनीति के तहत पहले ममता का गला घोंटा और फिर उसे रस्सी के सहारे चौखट से लटका दिया। भाई गुड्डू ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच घटना की जानकारी मिली, और जब वे मौके पर पहुँचे तो ससुराल वालों ने शव को फंदे से काटकर खुद ही नीचे उतार लिया था। परिजनों का आरोप है कि वारदात के बाद साजिश के तहत मुख्य आरोपी पति को मौके पर ही रोक दिया गया ताकि ज्यादा शक न हो, जबकि परिवार के अन्य सभी आरोपी सदस्य मौके से फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस ने मृतका के परिजनों के आरोपों और तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी पति मुकेश को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं फरार चल रहे सास, ससुर और जेठ-देवर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। मायके पक्ष ने अपनी बहन के लिए इंसाफ की गुहार लगाते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और हत्या के मामले में जेल भेजने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह साफ होते ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।















































































