बरेली। यूपीपीसीएल फ्रेंड्स क्लब का पंचम वार्षिकोत्सव रोटरी क्लब सभागार में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त विद्युत कर्मियों, उनके परिजनों तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल सक्सेना ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ, मस्त और व्यस्त रहकर जीवन जीना चाहिए। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि 82 वर्ष की आयु में भी समाज सेवा और सक्रिय जीवनशैली ही उनके स्वस्थ रहने का आधार है। वरिष्ठ जन कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सक्सेना ने क्लब की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन वरिष्ठ नागरिकों को एकजुट कर उन्हें सक्रिय और ऊर्जावान बनाए रखने का सराहनीय कार्य कर रहा है। विशिष्ट अतिथि सभासद राजेश अग्रवाल ने क्लब की निरंतर प्रगति की कामना की। क्लब अध्यक्ष एन.एन. कश्यप ने कहा कि सदस्य सेवानिवृत्ति के बाद भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहकर समाज हित में योगदान दे रहे हैं। महासचिव अनिल सक्सेना ने क्लब की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष कमल कुमार सक्सेना ने आय-व्यय का ब्यौरा रखा। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। डॉ. शिवांगी घिल्डियाल को पीएचडी उपाधि प्राप्त करने तथा विशेष कुमार को समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र प्रसाद घिल्डियाल ने किया। अंत में राष्ट्रीय गान के साथ समारोह का समापन हुआ तथा अध्यक्ष एन.एन. कश्यप ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।