बरेली। शहर में एक आशिक मिजाज पति को प्रेमिका के साथ घूमना महंगा पड़ गया। आरोप है कि पति ड्यूटी का बहाना बनाकर घर से निकलता था और शहर में अपनी प्रेमिका के साथ कार में घूमकर मौज-मस्ती करता था। दो दिन पहले पत्नी ने पति को प्रेमिका के साथ कार में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिसके बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ। बताया जाता है कि पत्नी ने पति और उसकी प्रेमिका को रंगे हाथ पकड़ लिया। इस दौरान पति की प्रेमिका से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर पत्नी कार के बोनट पर चढ़ गई और पति को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि पति ने पत्नी को हटाने के बजाय कार दौड़ा दी और उसे कुचलने की कोशिश की।घटना देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने दौड़कर कार को घेर लिया, जिसके बाद आरोपी पति अपनी प्रेमिका के साथ मौके से फरार हो गया। भीड़ ने कार को कब्जे में लेकर पुलिस को सूचना दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति और उसकी प्रेमिका के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।