बदायूं। जनपद की उभरती हुई महिला क्रिकेट खिलाड़ी कुमारी तनिष्का राणा का चयन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के अंडर-15 आयु वर्ग के क्रिकेट ट्रायल मैच के लिए किया गया है। इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों और क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है।बदायूं क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव संतोष बाबू शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यूपीसीए अंडर-15 आयु वर्ग के क्रिकेट ट्रायल मैच आगामी 9 जून को प्रातः 8 बजे से कानपुर स्थित कमला क्लब मैदान पर आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल के लिए बदायूं जनपद से एकमात्र महिला क्रिकेट खिलाड़ी तनिष्का राणा का चयन हुआ है, जो जिले के लिए गौरव की बात है। तेज गेंदबाज तनिष्का अपनी प्रभावशाली गेंदबाजी के लिए जानी जाती हैं। मात्र कक्षा 8 की छात्रा होने के बावजूद वह करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंकने की क्षमता रखती हैं। उनकी लंबाई 5 फीट 1 इंच है और वह बदायूं के नेकपुर निवासी आकाश राणा की पुत्री हैं। उनके पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और अपनी बेटी को राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेटर बनते देखने का सपना संजोए हुए हैं।तनिष्का पहले भी कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर चुकी हैं। उन्होंने 28 अप्रैल से 3 मई तक हरियाणा के रोहतक में आयोजित सीबीएसई इंडिया गेम्स अंडर-17 गर्ल्स क्रिकेट प्रतियोगिता में अपनी टीम को तीसरा स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा उन्होंने एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) प्रतियोगिता में उत्कृष्ट गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक भी अपने नाम किया है।तनिष्का की इस उपलब्धि पर खेल संगठन के पदाधिकारियों और क्रिकेट प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। संगठन के अध्यक्ष ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि तनिष्का आने वाले समय में प्रदेश और देश स्तर पर बदायूं का नाम गौरवान्वित करेंगी।