बिनावर (बदायूं)। थाना बिनावर क्षेत्र के गांव गिरधरपुर निवासी एक 24 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जानकारी के अनुसार, गांव गिरधरपुर निवासी हरिओम पुत्र नेत्रपाल (24 वर्ष) लगभग एक माह पूर्व मजदूरी करने के लिए मथुरा गया था। परिवार वालों के मुताबिक वह 6 जून को मथुरा से वापस लौटा था और थाना सहसवान क्षेत्र के गांव भगतनगला स्थित अपने बहनोई राजवीर के घर ठहरा हुआ था।बताया जाता है कि रविवार दोपहर करीब तीन बजे हरिओम अपने बहनोई के घर से गांव गिरधरपुर के लिए निकल पड़ा। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। सोमवार सुबह करीब छह बजे मालगांव के पास रेलवे ट्रैक से लगभग 600 मीटर बदायूं की ओर उसका शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय ग्रामीणों ने शव देखकर उसकी पहचान की और तत्काल परिजनों को सूचना दी।सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक का शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। परिजनों का कहना है कि हरिओम मालगांव से अपने गांव गिरधरपुर पैदल जा रहा था। इसी दौरान वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। युवक की असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।