बदायूँ में पुलिस भर्ती परीक्षा 15 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच दो पालियों में हुई, 33,984 अभ्यर्थी
बदायूं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के तहत जनपद बदायूं में रविवार को पहली एवं दूसरी पाली की परीक्षा का आयोजन कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शुरू हो गया। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया।जनपद में पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 33,984 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संपन्न हुई, जबकि दूसरी पाली शाम 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित की गई।जिलाधिकारी अवनीश राय ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेटों सहित विभिन्न अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के साथ भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया।

परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बरेली मंडल से एक विशेष ट्रेन का संचालन भी किया गया। इससे दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन में काफी राहत मिली।परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए शहर में आवश्यक स्थानों पर रूट डायवर्जन भी लागू किया गया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और अभ्यर्थी समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह सहित जिले के अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण करते रहे। अधिकारियों ने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया और परीक्षा संचालन का जायजा लिया।
जिला प्रशासन ने दावा किया है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अधिकारियों के अनुसार किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।















































































