बरेली। फरीदपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, पांच कूटरचित आधार कार्ड और एक एमजी हेक्टर कार बरामद की है, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गयाथाना प्रभारी राधेश्याम के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग रोडवेज बस स्टैंड फरीदपुर के पास ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर आकाश यादव उर्फ भुट्टल और विनोद कुमार कश्यप को पकड़ लिया, जबकि पवन सिंह तोमर उर्फ पैन्थर फरार हो गया।पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से नकदी, मोबाइल फोन, पांच फर्जी आधार कार्ड और एक कार बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन हार-जीत की बाजी लगाकर सट्टा खेलने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त कमाई के लालच में उन्हें ऑनलाइन सट्टे की लत लग गई थी। इस मामले में फरीदपुर थाने में सार्वजनिक जुआ अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।