बिल्सी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर तहसील क्षेत्र के यज्ञ तीर्थ गुधनी स्थित आर्य समाज मंदिर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वैदिक विदुषी आचार्य तृप्ति आर्य का जन्मदिन भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत आचार्य तृप्ति आर्य ने पद्मांचल बिल्सी में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अंतर्राष्ट्रीय वेद कथाकार आचार्य संजीव रूप ने भी वृक्ष लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण का अर्थ हमारे जीवन के लिए आवश्यक सभी प्राकृतिक तत्वों को प्रदूषण मुक्त बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवन शैली और मशीनों के अत्यधिक उपयोग के कारण पर्यावरण संतुलन बिगड़ता जा रहा है। आचार्य संजीव रूप ने कहा कि आज जल स्रोत प्रदूषित हो रहे हैं, वायु की शुद्धता प्रभावित हो रही है, औषधीय वनस्पतियां और नदियां भी प्रदूषण की चपेट में हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने लोगों से वर्ष में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाने, नियमित यज्ञ करने तथा घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा वृक्षारोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने प्रकृति संरक्षण और वैदिक जीवन मूल्यों के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य किया।