बरेली। राजश्री इंस्टिट्यूट, रिठौरा में चल रहे 21वीं वाहिनी एनसीसी के 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का गुरुवार को एनसीसी निदेशालय, उत्तर प्रदेश के उप महानिदेशक ब्रिगेडियर अमित कुमार चंद (शौर्य चक्र) ने निरीक्षण किया। सर्वप्रथम कैंप कमांडेंट कर्नल होशियार सिंह एवं डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल संजय नायर (सेना मेडल) ने उनका स्वागत किया। इस दौरान एनसीसी कैडेटों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। ब्रिगेडियर अमित कुमार चंद (शौर्य चक्र) ने कैडेटों को दिए जा रहे प्रशिक्षण के साथ-साथ कैडेटों के लिविंग एरिया एवं खान-पान की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कैंप व्यवस्था पर अपनी प्रसन्नता जाहिर की। ब्रिगेडियर अमित कुमार चंद्र (शौर्य चक्र) ने अपने संबोधन के दौरान कैडेटों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासन और समर्पण से जीवन के किसी भी लक्ष्य को आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एनसीसी का एक प्रमुख उद्देश्य ककैडेटों का चरित्र निर्माण करना है।इसके अलावा आर्मी पब्लिक स्कूल की पीजीटी मनोविज्ञान पारुल मिश्रा ने कैडेटों को महिला सशक्तिकरण एवं पॉक्सो अधिनियम पर व्याख्यान दिया तथा जागरूक किया। एनसीसी के इस कैंप में लगभग 600 एनसीसी कैडेट प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कैंप में कैडेटों को थल सेना कैंप के अभ्यास के साथ-साथ ड्रिल, फायरिंग, मैप रीडिंग, हेल्थ एंड हाइजीन, बाधा दौड़, युद्ध कौशल एवं नेतृत्व विकास आदि का कड़ा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस अवसर पर सूबेदार मेजर प्रवीण कुमार, प्रथम अधिकारी एन के माथुर, द्वितीय अधिकारी दिशा चौधरी, सोनी सिंह, लाल बहादुर, सूबेदार लक्ष्मण, सूबेदार हरि बहादुर क्षेत्री, ईएसएम उम्मेद सिंह, टीकाराम शर्मा, सुधीर कुमार वर्मा, तंजीम अहमद, आशीष कुमार, बीएचएम नरपत बिश्नोई, हवलदार हर सिंह एवं हवलदार मुकेश कुमार आदि उपस्थित रहे।