बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एक आईफोन-16 तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार 30 मई को इज्जतनगर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास से आईफोन-16 चोरी होने की सूचना पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों में शिवम उर्फ अर्जुन, गौरव तथा नितिन शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल छीनकर फरार होने की घटना स्वीकार की। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किया गया आईफोन-16 और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। इस सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बारादरी पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।