बदायूं। ग्राम बाबट में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं के तहत लगभग 13 लाख रुपये की लागत से निर्मित 175 मीटर लंबी सीसी सड़क का लोकार्पण किया गया। यह सड़क लालबहादुर के घर से पंचायत घर तक बनाई गई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर लंबे समय से कीचड़ और जलभराव की समस्या बनी रहती थी। बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते थे, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। सड़क निर्माण के बाद अब ग्रामीणों को राहत मिली है और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गांवों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे गांवों की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम बाबट में बनी यह सीसी सड़क ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष नोरंग पाल, ब्लॉक प्रमुख पति अनेकपाल पटेल, ग्राम प्रधान भीम सेन सागर, आर्यद्र पटेल, अनूप पटेल, धर्मेंद्र पटेल, रूपेंद्र पटेल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिए सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।