आसफपुर। स्थानीय क्षेत्रीय ग्राम्य विकास प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित कृषि आजीविका सखी विषयक पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागी महिलाओं को जैविक खाद के उपयोग, प्राकृतिक खेती और कृषि से जुड़ी विभिन्न तकनीकी जानकारियों से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन संस्थान के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार वर्मा, प्रशिक्षण अधिकारी पंकज कुमार तथा कार्यक्रम प्रभारी हरीश उपाध्याय के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में डीआरपी राजकुमार सिंह राठौर, सुधीर कुमार सिंह चौहान तथा बीआरपी नीलम और अनम ने महिला प्रतिभागियों को कृषि एवं आजीविका से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम में जनपद बदायूं के विकास खंड अंबियापुर एवं सहसवान क्षेत्र की राजबाला, सरोज देवी, माया, पूनम, मीना शर्मा, सर्वेश कुमारी, रवीना, शोभा, संजू चौहान, रश्मि राठौर, संगीता, कुसमा देवी, पुष्पा, सावित्री यादव, मीरा, ओमवती और बबली समेत कुल 29 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को जैविक खाद की महत्ता, फसल उत्पादन में इसके लाभ, कृषि प्रबंधन एवं ग्रामीण आजीविका संवर्धन से संबंधित विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सभी प्रतिभागियों को कृषि विकास एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर शपथ भी दिलाई गई। 30 मई से 3 जून तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को एक-एक बैग एवं प्रशिक्षण सामग्री की छायांकित प्रति भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विदाई दी।