बदायूं : भारत स्काउट एवं गाइड संस्था के तत्वावधान में प्रादेशिक प्रशिक्षण केंद्र शीतलाखेत, अल्मोड़ा (उत्तराखंड) में आयोजित होने वाले एडवेंचर कैंप के लिए जिले से तीन स्काउट्स और पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा को संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग बच्चों में अनुशासन, सेवा, साहस, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करती है। एडवेंचर कैंप में भाग लेने वाले स्काउट्स का अभूतपूर्व उत्साह चुनौतियां का सामना करने की हिम्मत देता है।पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि एडवेंचर गतिविधियां युवाओं के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जंगलों, नदियों और पहाड़ों के बीच आयोजित होने वाले विभिन्न साहसिक कार्यक्रम बच्चों में नई ऊर्जा, उत्साह और आत्मनिर्भरता का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति के निकट रहकर प्रतिभागी टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और विपरीत परिस्थितियों में कार्य करने की कला सीखेंगे।जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार ने कहा कि स्काउट-गाइड संस्था का उद्देश्य युवाओं को संस्कारवान, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। एडवेंचर कैंप युवाओं को जीवन की चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने स्काउट्स से नए अनुभव लेकर लौटने का आह्वान किया।शीतलाखेत अल्मोड़ा रवाना होने वाले स्काउट्स में रोहित गुप्ता, फरदीन अहमद, जीवन गोला शामिल हैं। सभी प्रतिभागियों ने शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने का संकल्प लिया। इस मौके पर डीटीसी सत्यपाल गुप्ता, निखिल चौहान आदि मौजूद रहे।