बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने, बच्चे को छीनने तथा दूसरी महिला के साथ संबंध होने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है। जगतपुर गोटिया निवासी काशिश पत्नी तस्लीम ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी तीन साल हो गई लवमैरिज को शादी परिवार बालो की सहमति से हुई थी । उसके पति के किसी अन्य महिला के साथ संबंध हो गए हैं। महिला का आरोप है कि उसने पति के मोबाइल फोन में दूसरी महिला के साथ आपत्तिजनक फोटो और बातचीत देखी थी। इसका विरोध करने पर पति ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा तलाक देने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि उसका एक पुत्र है। आरोप है कि पति ने बच्चे को उससे छीन लेने और भविष्य में उससे मिलने नहीं देने की धमकी भी दी। साथ ही उसके माता-पिता और अन्य परिजनों को जान से मारने की धमकी दी गई। महिला का कहना है कि घटना के बाद उसका पति घर छोड़कर चला गया और पिछले पांच दिनों से वापस नहीं लौटा है। लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह और उसका परिवार भय तथा मानसिक तनाव में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। पीड़िता ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उसे और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।