बरेली। उत्तर प्रदेश में टीजीटी परीक्षा के पहले ही दिन प्रशासन की सख्ती का असर देखने को मिला। बरेली के इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहे एक सॉल्वर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान आजमगढ़ निवासी प्रमोद कुमार के रूप में हुई है, जो कथित रूप से नकल माफियाओं के संपर्क में रहकर दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहा था। जानकारी के अनुसार प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन में गड़बड़ी मिलने पर जांच टीम को संदेह हुआ। पूछताछ में प्रमोद कुमार संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसकी पहचान की गहन जांच की गई। जांच में सामने आया कि वह वास्तविक अभ्यर्थी नहीं है और किसी अन्य परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस, खुफिया विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में प्रमोद कुमार ने स्वीकार किया कि वह पहले भी कई प्रतियोगी परीक्षाओं में सॉल्वर के रूप में शामिल हो चुका है। इसके बाद जांच एजेंसियां उसके नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हैं। अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि बायोमेट्रिक जांच के दौरान अनियमितता सामने आने पर कार्रवाई की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।