बरेली। जेठ के बड़े मंगल के शुभ अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दददा एडवोकेट के नेतृत्व में बरेली कॉलेज गेट पर शरबत एवं समोसे वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच आयोजित इस सेवा कार्य का परीक्षार्थियों एवं आम नागरिकों ने स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों को ठंडा मीठा शरबत और समोसे वितरित किए गए। विद्यार्थियों ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजकों का आभार जताया। कई लोगों ने कहा कि गर्मी के मौसम में इस प्रकार की सेवा समाज के प्रति संवेदनशीलता का परिचायक है। आयोजकों ने बताया कि बड़े मंगल के अवसर पर जनसेवा और परोपकार की भावना से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के साथ-साथ राहगीरों और स्थानीय नागरिकों ने भी शरबत एवं समोसों का आनंद लिया। कार्यक्रम में रमेश चंद श्रीवास्तव, डॉ. हरीश गंगवार, रविंद्र सहारा, सुरेश दिवाकर, आशु चौहान, सुरेश कुमार तथा होरीलाल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विशेष सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम सौहार्द और सेवा भावना के साथ संपन्न हुआ।