बरेली। आंवला तहसील के ग्राम सरदार नगर ब्लाक आलमपुर जाफराबाद में पानी की टंकी गिरने से घायल हुए ग्रामीणों का हालचाल लेने सांसद नीरज मौर्य सोमवार को अस्पताल पहुंचे। हादसे में घायल मजदूरों का इलाज जारी है। बताया गया कि एनसीसी लिमिटेड द्वारा बनाई गई पानी की टंकी अचानक धंसने से गिर गई , जिससे पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सिद्धि विनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया।सांसद नीरज मौर्य ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके परिजनों से बातचीत कर हाल जाना। घायलों में वीरपाल, रविंद्र, डोरीलाल, अर्जुन और वेदपाल शामिल हैं, जो थाना भमोरा क्षेत्र के ग्राम सरदार नगर के निवासी हैं।इस दौरान सांसद ने डॉक्टरों से उपचार की स्थिति की जानकारी ली और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि शासन-प्रशासन के माध्यम से उन्हें न्याय, मुआवजा और हरसंभव सहायता दिलाई जाएगी।सांसद ने कहा कि निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर चिंता का विषय है और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त निगरानी जरूरी है।स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और टंकी के धंसने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मौके पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।