बरेली। थाना मीरगंज पुलिस ने ग्राम दियोरिया अब्दुल्लागंज में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और उसे आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल को गांव से सूचना मिली थी कि कक्षा 8 में पढ़ने वाली एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि लड़की ने घर में दुपट्टे से फांसी लगा ली। शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें यौन शोषण के साथ शरीर पर चोटों के निशान पाए गए तथा मृत्यु का कारण फांसी बताया गया।इस मामले में पहले अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मृतका की मां और छोटी बहन से मिली जानकारी के आधार पर गांव निवासी जीशान पुत्र मासूक खां पर शक गहराया। जांच में सामने आया कि आरोपी अक्सर स्कूल के पास मृतका से मिलता था, उसे बहला-फुसलाकर संबंध बनाए और बाद में वह मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या कर बैठी।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पुष्टि की और 5 मई को मीरगंज के साप्ताहिक बाजार के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।मामले में पहले दर्ज धाराओं को संशोधित करते हुए अब आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी जीशान पुत्र मासूक खां, उम्र लगभग 26 वर्ष, निवासी ग्राम दियोरिया अब्दुल्लागंज, थाना मीरगंज निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।