बरेली। पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड की ओर से 21 अगस्त को विशेष पर्यावरणीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 9 बजे होगा, जिसमें पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।कार्यक्रम के दौरान व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने के साथ नकटिया नदी के पुनर्जीवन से जुड़ी प्रस्तावित पहलों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। नकटिया नदी पुनर्जीवन योजना के तहत नदी की स्वच्छता, तटवर्ती हरित क्षेत्र का विकास, जल संरक्षण, वृक्षारोपण और नदी की पारिस्थितिकी को पुनर्स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड की सीईओ डॉ. तनु जैन ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि ऐसे स्थायी पर्यावरणीय संसाधनों का निर्माण करना है, जो वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वायु, बेहतर जल पारिस्थितिकी और समृद्ध जैव-विविधता सुनिश्चित कर सकें।उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण, जल संरक्षण, जैव-विविधता संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण को एकीकृत करने वाली यह पहल बरेली कैंटोनमेंट क्षेत्र को अधिक स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।