बरेली। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा जिला बरेली की ओर से हरियाली तीज का कार्यक्रम सिविल लाइंस स्थित आर. वाजपेयी रेस्टोरेंट में धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मुकेश सक्सेना एवं महिला जिलाध्यक्ष मीरा मोहन ने की। इस दौरान संस्था की सदस्य एवं पदाधिकारी हरे रंग के परिधानों में नजर आईं। कार्यक्रम में महिलाओं ने सावन के गीत गाए, जबकि बच्चों ने धमाल डांस कर खूब तालियां बटोरीं। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जमकर आनंद उठाया। जिला अध्यक्ष मुकेश सक्सेना ने हरियाली तीज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आस्था, उमंग, सौंदर्य और प्रेम का पर्व है, जिसे सावन माह में भगवान शिव और माता पार्वती के पुनर्मिलन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। चारों ओर हरियाली होने के कारण इसे हरियाली तीज कहा जाता है। इस अवसर पर महिलाएं झूला झूलने, लोकगीत गाने और उत्सव मनाने की परंपरा निभाती हैं। मेहंदी प्रतियोगिता में पूजा सक्सेना प्रथम और श्रेया सक्सेना द्वितीय रहीं, जबकि मंजू लता को तीज क्वीन चुना गया। कार्यक्रम का संचालन महिला जिलाध्यक्ष मीरा मोहन एवं रजनी सक्सेना ने किया। इस अवसर पर शालिनी सक्सेना, गरिमा सक्सेना, अंजली सक्सेना, अनीता मुकेश, सुधीर मोहन, श्यामदीप सक्सेना, सुनील सक्सेना, अतुल सक्सेना, सुधीर महान, संतोष सक्सेना, विधान रॉय, अमित आनंद, अंश सक्सेना, भुवनेश सक्सेना, ममता सक्सेना, प्रज्ञा शंकर, दीपक चौधरी, अक्षय विसारिया, बीना सक्सेना, नीतू सक्सेना, शालू राज, दीप्ति सक्सेना, वृद्धि रॉय, सृष्टि सक्सेना सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। अंत में मुकेश सक्सेना ने सभी का आभार व्यक्त किया।