किड्स बागबान प्ले स्कूल में देशभक्ति के रंग में रंगे नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया
बदायूं। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कृष्णा पार्क स्थित किड्स बागबान प्ले स्कूल में देशभक्ति एवं उत्साह से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चे तिरंगे के रंगों में सजे नजर आए और उन्होंने देश के प्रति अपने प्रेम एवं सम्मान का भाव व्यक्त किया।विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलू शर्मा ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और 15 अगस्त के महत्व की जानकारी सरल एवं रोचक ढंग से दी। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही कल के भारत का भविष्य हैं। बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अच्छे संस्कार अपनाने, राष्ट्रीय ध्वज एवं राष्ट्रगान का सम्मान करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में नन्हे कलाकारों ने ‘नन्हा मुन्ना राही हूं’, ‘देश रंगीला’, ‘आई लव माय इंडिया’, ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’, ‘हम होंगे कामयाब’, ‘कर चले हम फिदा’, ‘सारे जहां से अच्छा’, ‘वंदे मातरम्’, ‘मेरा मुल्क मेरा देश’ और ‘चक दे इंडिया’ सहित अनेक देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इसके अलावा बच्चों ने कविताएं, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।कार्यक्रम में अरीव, अवन्या सक्सेना, अलमान हसन, हुम्मे कुलसुम, दृश्या सिंह, दिव्यांशी शर्मा, युवांश राठौर, व्याख्या, वृंदावृंदेश्वरी, उम्मे ऐमन, अदिति सिंह, अवनि झा, माधव चौहान, समर्थ कश्यप, रुद्रांश सिंह, आरव चौहान, अनन्या, एकता साहू, सर्वज्ञ शर्मा, आरना वर्मा, आरव साहू, अनायजा खान, अबीरा खान, अनमता, सनाया, एरिक, धैर्य वर्धन, स्पर्श मिश्रा, उम्मत, तृप्ति, देव साहू, आरोही साहू, रिशु, मोहम्मद हुसैन, सना, मोहम्मद श्यान, शिवांश कश्यप, तेजसी, सिद्धार्थ सिंह, पार्थवी सिंह, आरव झा, प्रथम सूरी आदि बच्चों ने प्रतिभाग किया।बच्चों ने अपने संदेश में कहा कि अच्छी शिक्षा, अनुशासन, ईमानदारी और देश के प्रति प्रेम ही एक अच्छे नागरिक की पहचान है। उन्होंने कहा, “हम छोटे हैं, लेकिन हमारे सपने बड़े हैं। हम पढ़ेंगे, आगे बढ़ेंगे और अपने भारत को और बेहतर बनाएंगे।”कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। बच्चों और अध्यापिकाओं के प्रयासों की सराहना की गई। बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में आए सभी अभिभावकों का कोऑर्डिनेटर हर्षना रस्तोगी ने आभार व्यक्त किया।
















































































