बिल्सी। आज बुधवार को तहसील क्षेत्र के गांव रोहान स्थित ओम नमः शिवाय डॉक्टर बीपी सिंह सोलंकी इंटर कॉलेज में भारत के अग्रणी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की 76वीं पुण्यतिथि मनाई गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजवीर सिंह सोलंकी ने नेता जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने बताया कि नेता जी सुभाष चन्द्र बोस जी का जन्म 23 जनवरी 1897 को कटक, उड़ीसा में हुआ था।एक सम्पन्न परिवार से होने के बावजूद उन्होंने भारतवर्ष को अंग्रेजी शासन से मुक्त कराने की शपथ ली और स्वतंत्रता आंदोलन में कूद पड़े। द्वितीय विश्व युद्ध में अंग्रेजो के खिलाफ जापान की सहायता से उन्होंने आजाद हिंद फौज का गठन किया और अंग्रेजों के विरुद्ध युद्ध भी लड़ा। इन्होंने जय हिंद तथा तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा का अमर नारा भारतीय जनमानस को दिया। भारतवर्ष को ब्रिटिश शासन से स्वतंत्र कराने के लिए इनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। नेताजी सदैव हमारे बीच अमर रहेंगे। इस मौके पर सुनील कुमार सिंह, अवधेश कुमार, विनय शंखधार, रजत सक्सेना, वीर बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे। इधर गांव सतेती स्थित भाकियू लोकशक्ति के जिला कार्यालय पर नेता जी सुभाष चंद्र बोस की पुण्यतिथि मनाई। जिलाध्यक्ष बबलेश कुमार सिंह समेत सभी पदाधिकारियों ने पुष्प अर्पित किए। यहां किसानों की समस्याओं पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर रामवीर शर्मा, अंकुल सिंह, केशब सिंह, सन्तोष सिंह, सुबोध शर्मा आदि मौजूद रहे।