सहसवान। बिजली कटौती के विरोध में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और सप्लाई सुचारू कराए जाने की मांग की। ब्लाक क्षेत्र के गांव गढौलिया पट्टी तासौल उर्फ़ धुबिया के ग्रामीणों का कहना था कि उनके गांव की विद्युत आपूर्ति करीब दो महीने से बंद पडी है। इसको लेकर ग्रामीणों ने कई बार विद्युत उपकेंद्र पर शिकायतें और प्रदर्शन भी किया लेकिन अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बिजली सप्लाई के लिए 16 केवीए के दो ट्रांसफार्मर लगे हैं जो आए दिन फाल्ट हो जाने के कारण सप्लाई बाधित रहती है। ग्रामीणों ने मांग की कि 25 केवीए का ट्रांसफार्मर दो जगह लगाया जाए जिससे विद्युत कटौती से निजात मिल सके। ग्रामीणों का यह भी कहना था कि बिल तो समय पर आ जाता है लेकिन सप्लाई करीब दो माह से सुचारू नहीं है। ग्रामीणों ने डीएम से कार्रवाई कराए जाने की मांग की है। इस मौके पर माजिद, लइक अहमद, शाहिद अली, जावेद अली, अजमत शाह, साबिर, इस्तगार, असगर, इशरत, पप्पू, माजिद आदि मौजूद रहे।