बरेली । राजकीय अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास, मूकबधिर परिसर में प्रातः 11 बजे डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कमला देवी कश्यप मनोनीत पार्षद, नगर निगम बरेली, भाजपा तथा राकेश कश्यप अध्यक्ष, कश्यप समाज भाजपा उपस्थित रहे। इस अवसर पर छात्रावास में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा/चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए गए। कार्यक्रम के दौरान उनके जीवन परिचय, समानता एवं सामाजिक न्याय के सिद्धांतों तथा संविधान निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर विस्तार से चर्चा और विचार-विमर्श किया गया। इसके उपरांत डॉ. अंबेडकर के जीवन, शिक्षा एवं संविधान निर्माण में उनके योगदान विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में पूनम देवी ने प्रथम, राखी ने द्वितीय, प्रज्ञा सिंह ने तृतीय तथा राधा ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।