बरेली। बढ़ती गर्मी के साथ जनपद में आग लगने की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। हाल ही में बहेड़ी , मीरगंज तहसील समेत अन्य क्षेत्रों में आग की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे किसानों को नुकसान हुआ है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सभी एसडीएम, तहसीलदार, कानूनगो और लेखपालों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नजदीकी फायर स्टेशनों को भी तत्पर रहने को कहा गया है। निर्देश दिए गए हैं कि आग लगने की सूचना मिलते ही अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर घटना का आकलन करें और नुकसान का सही सर्वे तैयार करें। प्रशासन द्वारा किसानों को हुए नुकसान का शीघ्र मुआवजा देने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। प्रशासन का दावा है कि हर आपदा पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।