बरेली। किसान एकता संघ ने बदायूं जिले में मक्का खरीद में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, बरेली को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। संगठन ने आरोप लगाया कि निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक मक्का एक ही किसान के नाम पर खरीदी गई। किसान नेता डॉ. रवि नागर के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि एक किसान से अधिकतम 50 कुंतल मक्का खरीद की सीमा तय है, लेकिन कुछ खरीद केंद्रों पर एक ही किसान के नाम से एक दिन में 150 से 200 कुंतल तक खरीद दर्ज की गई। संगठन ने आशंका जताई कि वास्तविक किसानों के बजाय व्यापारियों से मक्का खरीदकर किसानों के नाम पर रिकॉर्ड तैयार किए गए। ज्ञापन में सेंटर इंचार्ज और जिला विपणन अधिकारी पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए खरीद केंद्रों के अभिलेखों की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। किसान एकता संघ ने कहा कि इससे पहले भी बरेली और बदायूं में धान, बाजरा और मक्का खरीद में गड़बड़ियों की शिकायत की जा चुकी है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं हुई तो किसान एकता संघ आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में यज्ञ प्रकाश गंगवार, पं. राजेश शर्मा, डॉ. हरिओम राठौर, बोहरनलाल गुर्जर, अंशु भारद्वाज, सुरेंद्र तिवारी, संजय पाठक, फतेह सिंह गुर्जर, राजेंद्र सिंह और वीरेश पाल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।