बरेली। बरेली पुलिस के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) ने अगस्त महीने में सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे निगरानी और डिजिटल मॉनिटरिंग के जरिए 13 लोगों का खोया और छूटा हुआ कीमती सामान बरामद कर उनके मालिकों को वापस दिलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में 1 से 31 अगस्त 2026 तक ICCC कार्यालय को मिले प्रार्थना-पत्रों पर कार्रवाई की गई। हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी नेटवर्क और वीडियो एनालिटिक्स तकनीक की मदद से पुलिस टीम ने खोए सामान की तलाश कर सफलतापूर्वक बरामदगी कराई। बरामद सामान में मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैग, पर्स, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आईडी कार्ड, जरूरी दस्तावेज, कपड़े, 49 हजार रुपये नकद और दो तोला सोने के आभूषण शामिल हैं। इनमें बरेली के अलावा बदायूं, हरदोई और सीतापुर के लोगों का सामान भी शामिल रहा। ICCC की सीसीटीवी निगरानी टीम में उपनिरीक्षक शालू पवार, कांस्टेबल अकरम, वरुण कुमार और चंदन किशोर शामिल रहे। वहीं ट्रेसिंग टीम में उपनिरीक्षक मयंक, उपनिरीक्षक निखिल कुमार, महिला कांस्टेबल स्थाति और कांस्टेबल नितिन कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बरेली पुलिस ने कहा कि आधुनिक सीसीटीवी नेटवर्क और डिजिटल निगरानी व्यवस्था से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।