बरेली। बाबा डॉक्टर भीम राव अंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर जिले भर में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहर से लेकर कस्बों और ग्रामीण इलाकों तक लोगों ने कोतवाली के सामने अंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कई स्थानों पर विचार गोष्ठियां, रैलियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। अंबेडकर पार्क सहित प्रमुख स्थलों पर सुबह से ही भीड़ उमड़ने लगी थी। शहर की सड़कों पर नीले और पंचशील झंडों की सजावट ने माहौल को खास बना दिया और “जय भीम” के नारों से वातावरण गूंज उठा। इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने पार्क पहुंचकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। वहीं, बरेली के मेयर उमेश गौतम ने भी उनके योगदान को याद किया। जिले में निकाली गई रैलियों में हजारों लोग शामिल हुए। प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक के पुख्ता इंतजाम किए, जिससे सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।