बदायूं। समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने क्षेत्र में घटित दो गंभीर घटनाओं को लेकर सक्रियता दिखाते हुए पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने प्रशासन से दोनों मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है। सबसे पहले सांसद बिल्सी क्षेत्र में दुष्कर्म की शिकार मासूम बच्ची का हाल जानने के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। सांसद ने कहा कि इस प्रकार की जघन्य घटनाएं समाज के लिए बेहद शर्मनाक हैं और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद सांसद आदित्य यादव संभल जिले के गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र के धनारी थाना इलाके के गांव मलुआ (घेर भिरावटी) पहुंचे। यहां दो अप्रैल से लापता पिता-पुत्र नरेश और भीमसेन के शव मिलने के बाद शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है तथा प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सांसद ने दोनों ही मामलों में पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए कहा कि न्याय दिलाने के लिए वे हर स्तर पर प्रयासरत रहेंगे।