बदायूँ। भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर सदर विधायक एवं पूर्ण राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान विधायक ने ग्राम मीरापुर, कसेर, चिजरी, रामडांडी, दुगरैया, हसनपुर, निनवा, बिलहत, वजीरगंज के गोपालपुर, नगर पंचायत दहगवां तथा शहर के नेकपुर और गद्दी चौक स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की। कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया और देश को एक सशक्त संविधान प्रदान किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक समरसता, समानता और न्याय की स्थापना के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए। विधायक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं और समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करें। इस अवसर पर ब्रह्मआनंद सागर, भीमसेन सागर, राघव सिंह चौहान, अर्जुन प्रधान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।