बरेली। मीरगंज थाना पुलिस ने छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी भी मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, छिनैती के 9,500 रुपये, घटना में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई की रात निर्देव कुमार निवासी रम्पुरा जाटान जनसेवा केंद्र से घर लौट रहे थे। दुलीराम इंटर कॉलेज के पास बाइक सवार दो बदमाश उनके कंधे से रुपये से भरा बैग झपटकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना मीरगंज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मंगलवार रात गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बलुपुरा चौराहे के पास दो संदिग्ध किसी वारदात की फिराक में खड़े हैं। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में रवि (26) निवासी शिवपुरी के पैर में गोली लगी, जबकि विक्की (19) निवासी मालीपुरा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने छिनैती की वारदात कबूल कर ली। घायल आरोपी को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अन्य साथियों और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।